
गुजरात के मुख्यमंत्री पद का शपथ लेते हुए नरेंद्र मोदी।
– फोटो : narendramodi.in
ख़बर सुनें
विस्तार
गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस 77 सीटों से सीधे 17 पर आ गई। मतलब कांग्रेस को 60 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, इस बार सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के केवल पांच प्रत्याशी ही चुनाव जीत पाए। एक सीट पर सपा उम्मीदवार विजयी हुए तो बाकी तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीतीं।
2022 गुजरात चुनाव में अहमदाबाद जिले की मणिनगर सीट राजनीतिक रूप से बेहद खास रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां से लगातार तीन चुनाव जीते हैं। भाजपा के लिए ये सीट इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पार्टी पिछले तीन दशक से ज्यादा समय से यहां नहीं हारी है। इस चुनाव के लिए भाजपा ने मौजूदा विधायक सुरेश पटेल की जगह अमूलभाई भट्ट को अपना प्रत्याशी बनाया था। भट्ट ने इस चुनाव में जीत दर्ज की, उन्होंने कांग्रेस के सीएम राजपूत को 90,728 वोटों से हराया।
2017 में यहां भाजप को मिली थी जीत
2017 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। इस चुनाव में भाजपा ने मौजूदा विधायक सुरेश पटेल को टिकट दिया था। पटेल ने इस चुनाव में कांग्रेस की श्वेता बेन ब्रह्मभट्ट को 75 हजार वोटों से बड़ी शिकस्त दी थी।
1990 के बाद से इस सीट पर भाजपा अजेय
मणिनगर सीट भाजपा के लिए गढ़ मानी जाती है। भाजपा ने 1990 में यहां से पहली बार चुनाव जीता था जिसके बाद आज तक उसे कभी भी हार नहीं मिली। नरेंद्र मोदी ने 2002, 2007 एवं 2012 में यहां लगातार तीन चुनाव जीते थे। इससे पहले भाजपा की टिकट पर कमलेशभाई गोविंदभाई पटेल ने भी 1990, 1995 और 1998 के चुनावों में लगातार जीत हासिल की थी।
2022 चुनाव के लिए इस सीट पर भाजपा ने अपने मौजूदा विधायक सुरेश पटेल का टिकट काट दिया था। पटेल की जगह भाजपा ने अमूलभाई भट्ट को टिकट दिया था। वहीं, कांग्रेस ने इस सीट पर सीएम राजपूत को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। इस सीट पर पांच दिसंबर को दूसरे चरण में मतदान हुआ था। नतीजे आठ दिसंबर को आए।
2017 में अहमदाबाद जिले की 15 सीटों पर जीती थी भाजपा
मणिनगर सीट अहमदाबाद जिले में आती है। इस जिले में कुल 21 सीटें हैं। 2017 में जिले की 21 में से 15 सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी। वहीं, छह सीटों पर कांग्रेस जीत दर्ज करने में सफल रही थी।
www.amarujala.com
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by The2ndPost. Publisher: www.amarujala.com