
गुजरात विधानसभा चुनाव
– फोटो : अमर उजाला
ख़बर सुनें
विस्तार
गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस 77 सीटों से सीधे 17 पर आ गई। मतलब कांग्रेस को 60 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, इस बार सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के केवल पांच प्रत्याशी ही चुनाव जीत पाए। एक सीट पर सपा उम्मीदवार विजयी हुए तो बाकी तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीतीं।
2022 गुजरात चुनाव में महेसाणा जिले की खेरालू विधानसभा सीट राज्य की अहम सीटों में से एक रही है। ये सीट राज्य की सत्ताधारी दल भाजपा के लिए काफी अहम है। इस बार भाजपा ने सरदारभाई शामलभाई चौधरी को मैदान में उतारा था। उन्होंने कांग्रेस के मुकेशकुमार मोंघजीभाई देसाई को 3,964 वोटों से हराया।
बता दें कि इस चुनाव से पहले भाजपा यहां एक उपचुनाव समेत पांच चुनाव लगातार जीत चुकी है। वहीं, कांग्रेस को यहां पांच चुनाव में जीत हासिल हुई है। भाजपा ने मौजूदा विधायक अजमलजी वालाजी ठाकोर के स्थान पर सरदारभाई शामलभाई चौधरी को मैदान में उतारा था।
2017 में यहां भाजपा को जीत मिली
2017 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। इस चुनाव में भाजपा उम्मीदवार भरत सिंहजी डाभी ने कांग्रेस के मुकेश कुमार देसाई को 21 हजार वोटों से हराया था। इस चुनाव में नौ उम्मीदवार मैदान में थे जिनमें से छह उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी।
2017 से पहले 2012 चुनाव में इस सीट को भाजपा ने ही जीता था। भाजपा की ओर से मैदान में उतरे भरत सिंहजी डाभी ने कांग्रेस उम्मीदवार बापूजी ठाकोर को शिकस्त दी थी।
2002 से यहां भाजपा का दबदबा
2002 से यहां भाजपा का एकतरफा दबदबा रहा है। पार्टी ने यहां पांच चुनाव लगातार जीते हैं। पार्टी को पहली जीत 2002 के चुनाव में मिली थी। 2019 में इस सीट से तत्कालीन भाजपा विधायक भरतसिंहजी डाभी ने पाटन लोकसभा क्षेत्र से सांसद बनने के बाद इस्तीफ़ा दे दिया था। इसके बाद हुए उपचुनाव में भाजपा के अजमलजी वालाजी ठाकोर ने कांग्रेस को हराकर जीत हासिल की थी।
भाजपा ने मौजूदा विधायक का टिकट काटा
2022 चुनाव के लिए इस सीट पर भाजपा ने मौजूदा विधायक अजमलजी वालाजी ठाकोर का टिकट काट दिया था। पार्टी ने यहां सरदारभाई शामलभाई चौधरी को मैदान में उतारा था। वहीं, कांग्रेस ने 2017 का चुनाव हारने वाले मुकेशकुमार मोंघजीभाई देसाई को यहां से अपना प्रत्याशी बनाया था। आम आदमी पार्टी की ओर से दिनेशजी हजूरजी ठाकोर मैदान में था। इस सीट पर पांच दिसंबर को दूसरे चरण में मतदान हुआ था। नतीजे आठ दिसंबर को आए।
2017 में मेहसाणा जिले की 5 सीटों पर जीती थी भाजपा
खेरालू सीट, मेहसाणा जिले के अंतर्गत आने वाली सात सीटों में से एक है। 2017 में जिले की सात में से पांच सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी। वहीं, दो सीटों पर कांग्रेस जीत दर्ज करने में सफल रही थी।
www.amarujala.com
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by The2ndPost. Publisher: www.amarujala.com